home page

जइया मिर्च के संरक्षण के लिए रामलाल लहरे को मिला राष्ट्रीय सम्मान, कलेक्टर ने दी बधाई

 | 
जइया मिर्च के संरक्षण के लिए रामलाल लहरे को मिला राष्ट्रीय सम्मान, कलेक्टर ने दी बधाई


बलरामपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम महुली निवासी प्रगतिशील कृषक रामलाल लहरे को दुर्लभ जंगली जइया मिर्च के संरक्षण और संवर्धन के लिए राष्ट्रीयस्तर पर सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज गुरुवार को उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि रामलाल लहरे आगे भी पारंपरिक, देशी और जंगली पौधों की आनुवंशिक विविधता के संरक्षण की दिशा में काम करें और क्षेत्र के दूसरे किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों और उप संचालक कृषि अनिल वर्मा ने भी उन्हें बधाई दी।

रामलाल लहरे को भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत पौधा किस्म और कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण की ओर से ‘प्लांट जीनोम सेवियर फार्मर रिकॉग्निशन’ सम्मान प्रदान किया गया है। 12 नवंबर को प्राधिकरण के 22वें स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर (एनएएससी), पूसा, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र थे। सम्मान स्वरूप उन्हें प्रमाण-पत्र, स्मृति चिह्न और एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

यह सम्मान उन किसानों को दिया जाता है, जो पौधों की नई किस्में विकसित करने के साथ पारंपरिक बीजों और फसलों की विविधता के संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान देते हैं। रामलाल लहरे की विकसित जइया-1 मिर्च किस्म पौधा किस्म रजिस्ट्री में कृषक किस्म के रूप में पंजीकृत है। छत्तीसगढ़ के पहाड़ी क्षेत्रों में पाई जाने वाली दुर्लभ जंगली जइया मिर्च के संरक्षण और संवर्धन में उनके प्रयासों को इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना गया।

बायोटेक्नोलॉजी में स्नातकोत्तर रामलाल लहरे को इससे पहले भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, पूसा की ओर से वर्ष 2020 में ‘नेशनल इनोवेटिव फार्मर अवार्ड’ भी मिल चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय