बलरामपुर राज्योत्सव में किसानों की उपज को मिलेगा मंच, उत्कृष्ट उत्पाद लाने वालों का होगा सम्मान
बलरामपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में उद्यानिकी उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें जिले के किसान अपनी उपज प्रदर्शित कर सकेंगे। फसलवार उत्कृष्ट उत्पाद प्रस्तुत करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उद्यानिकी विभाग से आज मंगलवार काे मिली जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनी का उद्देश्य जिले के प्रगतिशील किसानों की मेहनत और उपलब्धियों को सामने लाना तथा दूसरे किसानों को उद्यानिकी खेती के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए किसानों को पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
इच्छुक किसान 2 नवंबर को सुबह 8 बजे तक नगर पालिका के सामने स्थित हाई स्कूल ग्राउंड के राज्योत्सव स्थल पर उद्यानिकी विभाग के स्टॉल में पहुंचकर पंजीयन करा सकते हैं। इसके अलावा किसान अपने विकासखंड के उद्यान अधीक्षक, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी या उद्यानिकी विभाग के जिला कार्यालय से संपर्क कर पहले भी पंजीयन करा सकते हैं।
विभाग ने जिले के किसानों से अपने उद्यानिकी उत्पादों के साथ प्रदर्शनी में भाग लेने की अपील की है, ताकि उनकी उपज को पहचान मिल सके और बेहतर उत्पादन करने वाले किसानों को प्रोत्साहन मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

