बलरामपुर में दाे नवंबर को मनेगा राज्योत्सव, सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों सहित ख्याति प्राप्त दल देंगे प्रस्तुति
बलरामपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर जिले में दाे नवंबर को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को दोपहर 2 बजे से हाईस्कूल मैदान में होने वाले इस आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से परिवार सहित पहुंचकर उत्सव में शामिल होने और कलाकारों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कसडोल का लोक मंथन दल जनजातीय नृत्य के माध्यम से वनांचल की पारंपरिक संस्कृति को मंच पर उतारेगा। वहीं, बिलासपुर की वाइब्रेशन डांस एकेडमी के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में लोक नृत्य प्रस्तुत करेंगे। बनारस का अक्षत कलेक्टिव उपशास्त्रीय और सुगम गायन से संगीत प्रेमियों का मनोरंजन करेगा।
कार्यक्रम में जिले के स्थानीय कलाकारों को भी मंच मिलेगा। विभिन्न विद्यालयों और छात्रावासों के विद्यार्थी कुल 15 प्रस्तुतियां देंगे। इनमें छत्तीसगढ़ी स्वागत नृत्य, सुवा नृत्य, छत्तीसगढ़ी रिमिक्स, शिव तांडव, कान्हा नृत्य और सूफी डांस के साथ घूमर, हरियाणवी, अरुणाचली और नेपाली लोक नृत्य शामिल हैं। भेलवाडीह के पहाड़ी कोरवा कलाकारों की ओर से ओड़िया लोक नृत्य और नारी सशक्तिकरण पर आधारित प्रस्तुति भी कार्यक्रम का आकर्षण रहेगी।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष आयोजन ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर किया जा रहा है। यह विषय प्रदेश के विकास में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर देने के संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव प्रदेश की पहचान, संस्कृति और विकास यात्रा से जुड़ा आयोजन है। इसकी वास्तविक सफलता जनभागीदारी से ही सुनिश्चित होगी। उन्होंने जिलेवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि ‘अतुल्य बलरामपुर-रामानुजगंज’ की भावना के अनुरूप यह आयोजन जिले की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा। उन्होंने युवाओं, कला प्रेमियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाने का आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

