home page

लगातार बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में निगरानी के निर्देश

 | 
लगातार बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में निगरानी के निर्देश


बलरामपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम में बदलाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। आज शनिवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने राजस्व अमले और आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट मोड पर रहने तथा जलभराव और बाढ़ की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जिलेवासियों से भी सुरक्षा को प्राथमिकता देने और नदी-नालों, जलप्रपातों तथा उफनते जलस्रोतों के पास नहीं जाने की अपील की है। डूबे हुए रास्तों, पुल-पुलियों और बैरियर वाले स्थानों को पार करने से भी बचने कहा गया है।

बारिश के दौरान गिरे बिजली के तारों से दूरी बनाए रखने, जमीन धंसने और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में नहीं जाने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। विशेषकर रात के समय यात्रा नहीं करने और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

आपात स्थिति में डायल 112, जिला बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 07831-273002 या स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने मौसम और राहत से जुड़ी जानकारी के लिए केवल अधिकृत स्रोतों पर भरोसा करने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय