home page

बलरामपुर में पीएम विश्वकर्मा योजना के 360 हितग्राहियों को दिया गया प्रशिक्षण, हुनर निखारने पर जोर

 | 
बलरामपुर में पीएम विश्वकर्मा योजना के 360 हितग्राहियों को दिया गया प्रशिक्षण, हुनर निखारने पर जोर


बलरामपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आधुनिक बाजार से जोड़ने तथा उनके कौशल को नई तकनीक से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार को संयुक्त जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 360 हितग्राहियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास एवं सुविधा कार्यालय रायपुर ने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बलरामपुर के सहयोग से किया। इसमें जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अमर सिंह, लीड बैंक मैनेजर मुकुंद करन, पॉलीटेक्निक कॉलेज अंबिकापुर के प्रोफेसर कुमार प्रीतम और एमएसएमई कार्यालय रायपुर के सहायक निदेशक अजय कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कारीगरों और शिल्पकारों को उनके पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े आधुनिक विपणन तरीकों, नवाचार और तकनीकी विकास की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि बदलती बाजार मांग के अनुसार अपने उत्पादों और काम करने के तरीकों में सुधार कर वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकते हैं।

लीड बैंक मैनेजर ने हितग्राहियों को बैंकिंग सुविधाओं, ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया और उपलब्ध वित्तीय सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बैंक से जुड़ी प्रक्रियाओं और योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया।

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनके कौशल को आधुनिक तकनीक से जोड़कर आय के अवसर बढ़ाना है। कार्यक्रम के अंत में विभागीय अधिकारियों ने हितग्राहियों के सवालों और शंकाओं का समाधान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय