home page

धान खरीद से पहले खसरा और फसल प्रविष्टि की विसंगतियां होंगी दूर, 30 नवंबर तक सुधार के निर्देश

 | 
धान खरीद से पहले खसरा और फसल प्रविष्टि की विसंगतियां होंगी दूर, 30 नवंबर तक सुधार के निर्देश


बलरामपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीद के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन खसरा और फसल प्रविष्टि से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने की तैयारी कर रहा है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने सभी एसडीएम और राजस्व अमले को ऐसे प्रकरणों का परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कोई भी पात्र किसान तकनीकी या अभिलेख संबंधी त्रुटि के कारण धान बेचने से वंचित नहीं होना चाहिए।

प्रशासन के अनुसार, कुछ किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन संबंधित धान उपार्जन केंद्र की सूची में दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे खसरों की मैपिंग के लिए समितियों की आईडी में ‘एग्रीस्टैक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। किसान अपनी संबंधित समिति से संपर्क कर खसरा मैपिंग करा सकते हैं। इसके लिए धान खरीद की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2027 तक का समय निर्धारित किया गया है।

वहीं, कुछ खसरों में डीसीएस के माध्यम से धान के स्थान पर दूसरी फसल की प्रविष्टि हो गई है, जबकि वास्तविकता में वहां धान की खेती की गई है। इसके अलावा कुछ खसरे डीसीएस और पीवी ऐप में उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वे से छूट गए हैं। ऐसे सभी मामलों में तहसीलदार के माध्यम से खेतों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।

सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान कर वास्तविक फसल और रकबे की जांच की जाएगी। प्रत्येक खसरे का मौका पंचनामा तैयार करने के साथ खेत की तस्वीरें भी ली जाएंगी। इसके बाद सही जानकारी के आधार पर 30 नवंबर 2026 तक फसल प्रविष्टि में सुधार किया जाएगा, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय