home page

बलरामपुर में 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह, जनजातीय नायकों और संस्कृति को मिलेगा सम्मान

 | 

बलरामपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित इस सप्ताह के दौरान जिले की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और जनजातीय नायकों के योगदान को सामने लाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सप्ताह के दौरान जिला स्तर पर जनजातीय विषयों पर संगोष्ठी और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। जनजातीय क्रांति के नायकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों के साथ प्रमुख जनजाति एवं उप-जनजाति प्रमुखों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा जनजातीय विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें स्थानीय क्राफ्ट, कला, शिल्प, पारंपरिक व्यंजन और पुस्तकों से जुड़ी प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन होगा। पारंपरिक जनजातीय वाद्ययंत्रों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

जनजातीय विषयों पर आधारित चित्रकला और फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। इनके माध्यम से जनजातीय जीवन, संस्कृति और परंपराओं को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं से जुड़ी कलाकृतियों और तस्वीरों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

कार्यक्रमों के तहत जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इन स्थलों पर स्थानीय प्रमुख व्यक्तियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया जाएगा। जिला मुख्यालय में जनजाति स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित करने के साथ जनजातीय कला और संस्कृति पर आधारित स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

जनजातीय गौरव सप्ताह के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान देने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय