home page

जनजातीय गौरव दिवस पर बलरामपुर में दिखी जनजातीय संस्कृति की समृद्ध झलक, 50 से अधिक पारंपरिक व्यंजनों की लगी प्रदर्शनी

 | 
जनजातीय गौरव दिवस पर बलरामपुर में दिखी जनजातीय संस्कृति की समृद्ध झलक, 50 से अधिक पारंपरिक व्यंजनों की लगी प्रदर्शनी


जनजातीय गौरव दिवस पर बलरामपुर में दिखी जनजातीय संस्कृति की समृद्ध झलक, 50 से अधिक पारंपरिक व्यंजनों की लगी प्रदर्शनी


बलरामपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर सोमवार को बलरामपुर के हाई स्कूल मैदान में जिलास्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में हुए इस कार्यक्रम में जनजातीय समाज की आस्था, कला, खान-पान और पारंपरिक जीवनशैली की झलक देखने को मिली। सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा और जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

समारोह में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। आदिम जाति विकास विभाग की ओर से तैयार देवगुड़ी में जनजातीय समुदायों के पारंपरिक देवस्थलों को प्रदर्शित किया गया। वहीं जनजातीय आभूषण, वाद्य यंत्र, कला एवं संस्कृति से जुड़े स्टॉल में हंसली, रुपया माला, कौड़ी गजरा, नागमोरी और पैंरी जैसे पारंपरिक आभूषणों के साथ मांदर, ढोल, झांझ और नगाड़ा प्रदर्शित किए गए। बांस से तैयार टोकनी, सूपा, झांपी और डलिया जैसी कलाकृतियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा।

जनजातीय पारंपरिक आवास के मॉडल के माध्यम से आदिवासी समाज के रहन-सहन को दर्शाया गया। मिट्टी की दीवारों पर बने भित्ति चित्र, धान की बालियों और मक्के से की गई सजावट के साथ आजीविका के पारंपरिक साधनों को प्रदर्शित किया गया। वहीं ट्राइबल फूड स्टॉल पर 50 से अधिक पारंपरिक व्यंजन और सुकटियां रखी गईं। इनमें चीला रोटी, ठेकवा रोटी, पीठा रोटी, मक्का रोटी, महुआ लाटा, महुआ लड्डू, रागी आटा, विभिन्न प्रकार की चटनियां, कोयनार, फुटकल, बांस करील और मछली की सुकटी शामिल थीं।

बिहान योजना के स्टॉल पर स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में स्वास्थ्य जांच के साथ आयुष्मान कार्ड से संबंधित जानकारी दी गई। जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए निर्धारित 19,744 आयुष्मान कार्ड के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 19,179 कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह लक्ष्य का 97.14 प्रतिशत है। समारोह में पांच पहाड़ी कोरवा हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर संघर्ष किया। उनका जीवन आज भी अपने अधिकारों, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन को सहेजते हुए प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की परंपरा कायम रखी है। समारोह में लगाए गए स्टॉल इसी समृद्ध विरासत को सामने लाते हैं।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय बहुल गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं और बेटियों से शिक्षा प्राप्त कर तथा स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पूर्वजों के बलिदान को याद करने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व परंपराओं से जोड़ने का अवसर है। लोकनृत्य, लोकगीत, पारंपरिक व्यंजन और देवगुड़ी जनजातीय समाज की पहचान हैं, जिन्हें सहेजना सभी की जिम्मेदारी है। जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के जनजातीय परिवारों तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिला प्राकृतिक सौंदर्य, वन संपदा और समृद्ध जनजातीय संस्कृति से परिपूर्ण है। यहां के जनजातीय समाज का कृषि, वनोपज संग्रहण, हस्तशिल्प, शिक्षा और खेलकूद में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और पात्र परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने युवाओं से अपने सपनों को बड़ा रखने और डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक तथा प्रशासनिक अधिकारी बनकर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और जनजातीय समाज के प्रमुखों को सम्मानित किया गया। करचा और धनजी के नर्तक दलों के साथ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बलरामपुर और वाग्देवी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री और लाभ वितरित किए गए।

समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, राम लखन पैकरा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास समीक्षा जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के वरिष्ठजन, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय