फूलीडूमर स्कूल में विद्यार्थियों को बताया मतदान का महत्व, मतदाता पंजीयन के लिए किया प्रेरित
बलरामपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फूलीडूमर में रविवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में 17 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और जल्द ही 18 वर्ष के होने वाले विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन तथा मतदान की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रभारी प्राचार्य देवेंद्र उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदान के महत्व के बारे में बताया गया। उन्हें निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने तथा सोच-समझकर योग्य उम्मीदवार का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका समझाई गई। साथ ही, उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और पात्र होने पर अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

