आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच पहुंचे डीएफओ, खिलौने और फल बांटकर साझा की खुशियां
बलरामपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। आंगन मिलन सेवा के तहत आज गुरुवार को ग्राम पंचायत महेशपुर के दलधोवा (नवापारा) स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच खुशी का माहौल रहा। वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी यहां पहुंचे और नन्हे-मुन्नों को रंग-बिरंगे खिलौने और फल वितरित किए। उपहार मिलने पर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह देखने को मिला।
डीएफओ ने बच्चों के साथ बैठकर उनसे बातचीत की, उनके नाम पूछे और खेल-खेल में उनका उत्साह बढ़ाया। अधिकारी को अपने बीच पाकर बच्चे भी सहज नजर आए और उनके साथ घुल-मिल गए। इस दौरान केंद्र में बच्चों के साथ आत्मीय माहौल बना रहा।
आलोक कुमार बाजपेयी ने कहा कि बचपन जीवन की महत्वपूर्ण अवस्था है। इस उम्र में मिलने वाला प्यार, पोषण और प्रोत्साहन बच्चों के विकास की नींव मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से सीखने से बच्चों की रचनात्मकता और समझ विकसित होती है, जबकि पौष्टिक आहार उनके स्वस्थ विकास के लिए जरूरी है।
उन्होंने ग्रामीणों और अभिभावकों से आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़कर बच्चों के पोषण, शिक्षा और समग्र विकास में सहभागी बनने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

