home page

बलरामपुर में डीईओ ने 14 स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, दो संकुल समन्वयकों को नोटिस

 | 
बलरामपुर में डीईओ ने 14 स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, दो संकुल समन्वयकों को नोटिस


बलरामपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. निरापुरे ने शनिवार काे विद्यालयीन समय में जिले के 14 विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों को पढ़ाया और उनकी शैक्षणिक समझ भी परखी। निरीक्षण में लापरवाही मिलने पर दो संकुल समन्वयकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

डीईओ ने विद्यालयों में उपस्थिति पंजी और शिक्षकों की दैनंदिनी की जांच की। उन्होंने सभी शिक्षकों को दैनंदिनी का नियमित संधारण करने के निर्देश दिए। प्राथमिक और माध्यमिक शाला लुर्गीकला में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति मिलने पर प्रधान पाठक को फटकार लगाई। साथ ही संकुल समन्वयक लुर्गीकला रामलोचन और संकुल समन्वयक चंदौरा सन्नू राम सूर्यवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

विद्यालयों में रंगाई-पोताई और साफ-सफाई की स्थिति पर भी डीईओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विद्यालयों को एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था सुधारने की मोहलत दी। सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड के विद्यालयों में रंगाई-पोताई और स्वच्छता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान हायर सेकेंडरी विद्यालय रनहत और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय चलगली में अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई। डीईओ ने शिक्षकों को समय-सारणी के अनुसार पाठ्यक्रम पूरा कराने और विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी कराने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय