ग्रामीण रोजगार बढ़ाने पर जोर, पांच नए धान खरीद केंद्र जल्द शुरू करने के निर्देश
बलरामपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ने और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए सोमवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने अधिकारियों की समय-सीमा बैठक ली। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने वीबी-जी राम जी के तहत अधिक से अधिक ग्रामीणों को जोड़ने, आगामी धान खरीदी की तैयारी समय पर पूरी करने और जिले में पांच नए धान उपार्जन केंद्र जल्द स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही 14 से 16 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विशेष आधार शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
कलेक्टर ने वीबी-जी राम जी के तहत ग्रामीण परिवारों की आय सुरक्षा मजबूत करने और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने गांवों में शिविर और बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों को योजना की जानकारी देने तथा मैदानी अमले को घर-घर पहुंचकर लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों में स्थानीय संसाधनों के आधार पर ऐसे प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया, जिनसे युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों को रोजगार मिल सके।
कलेक्टर ने प्रत्येक पंचायत में सक्रिय श्रमिकों की संख्या की जानकारी लेते हुए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर वेतन रोकने की कार्रवाई की जा सकती है। विकासखंड स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी और भौतिक निरीक्षण की जिम्मेदारी जिला पंचायत सीईओ को सौंपी गई।
धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा। जिले में पांच नए धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें शंकरगढ़ विकासखंड के सिहार, राजपुर के परसागुड़ी, बलरामपुर के लिलौटी तथा रामचंद्रपुर विकासखंड के चेरा और पचावल शामिल हैं। कलेक्टर ने इन केंद्रों से जुड़े कार्य जल्द पूरे कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान बेचने में सुविधा मिल सके।
बैठक में विशेष आधार शिविरों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 अक्टूबर को जनपद पंचायत कार्यालय बलरामपुर, 15 अक्टूबर को शंकरगढ़ और 16 अक्टूबर को कुसमी में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के अधिकारियों को गांवों में मुनादी और व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण और श्रम विभाग सहित अन्य विभागों से पात्र हितग्राहियों को शिविर तक पहुंचाने को कहा गया, ताकि वे नया आधार बनवाने और मौजूदा आधार में सुधार कराने की सुविधा का लाभ ले सकें।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा कराने तथा मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्षों का काम जल्द समाप्त करने के निर्देश दिए। पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत सोलर दीदियों का वेंडरों के साथ समन्वय स्थापित कराने को भी कहा। जिन निर्माण कार्यों की निर्धारित समय-सीमा समाप्त हो चुकी है, उनके लिए नई समय-सीमा तय कर काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अनुविभाग और तहसीलवार अवैध अतिक्रमण, विवादित एवं अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन और त्रुटि सुधार सहित विभिन्न मामलों की स्थिति जानी। उन्होंने सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, अनिल कुमार सिदार, बालेश्वर राम, सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

