home page

आम नागरिकों की सुविधाओं और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता, अधिकारियों को निर्देश

 | 
आम नागरिकों की सुविधाओं और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता, अधिकारियों को निर्देश


बलरामपुर, 31 अगस्त (हि.स.)।बलरामपुर जिले में आम नागरिकों की सुविधाओं और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने विभिन्न विभागों को मैदानी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। आज सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

जिला पंचायत सीईओ ने सीएम हेल्पलाइन और समय-सीमा के लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित निराकरण किया जाए। किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने तथा प्रत्येक प्रकरण पर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिले की खराब सड़कों की स्थिति पर जिला पंचायत सीईओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने एनएच, पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मैदानी स्तर पर निरीक्षण कर खराब एवं मरम्मत योग्य सड़कों की पहचान करने और आवश्यक सुधार कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति बेहतर होने से लोगों का आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। जनसुविधा के लिए आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।

सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों को सुरक्षित एवं उचित स्थान पर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित न हो।

बरसात के मौसम को देखते हुए नदियों, तालाबों, बांधों और अन्य जलस्रोतों के आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए ऐसे स्थानों पर आवश्यक सावधानियां पहले से सुनिश्चित की जाएं। बांध, पुलिया और अन्य निर्माण कार्यों में जहां मरम्मत की जरूरत है, वहां समय रहते कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।

बारिश के मौसम में मौसमी और संक्रमणजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग एवं नगरीय निकायों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। नगरीय क्षेत्रों में मच्छरों की अधिकता वाले स्थानों पर नियमित फॉगिंग, मच्छर नियंत्रण और साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई और मैदानी स्तर पर निगरानी रखने पर जोर दिया गया।

जिला पंचायत सीईओ ने जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और निर्धारित समय पर केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों में बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाएं, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रखने को कहा।

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में बालिका शौचालयों की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने ऐसे विद्यालयों का तत्काल चिन्हांकन करने के निर्देश दिए, जहां शौचालय उपलब्ध नहीं हैं या खराब स्थिति में हैं। ऐसे स्थानों पर निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा गया।

बैठक में विभागवार ई-ऑफिस की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने सभी शासकीय कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से शासकीय कार्यों का संचालन सुनिश्चित करने तथा कार्यालयीन कार्यों का शत-प्रतिशत डिजिटल माध्यम से निष्पादन करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया, प्रमोद गुप्ता, आर.एन. पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय