home page

जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, बलरामपुर में अधिकारियों-कर्मचारियों का चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

 | 
जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, बलरामपुर में अधिकारियों-कर्मचारियों का चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


बलरामपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)।जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की उपस्थिति में प्रशिक्षण का पहला सत्र संपन्न हुआ। 12 से 15 अक्टूबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय प्रशिक्षण में जिला स्तरीय जनगणना अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, जनगणना लिपिकों और तकनीकी सहायकों को जनसंख्या गणना से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आगामी मैदानी कार्यों के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को तैयार करना है। जनगणना के द्वितीय चरण के तहत जनवरी-फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना का मैदानी कार्य प्रस्तावित है।

प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। 12 और 13 अक्टूबर को सामरी, कुसमी, चांदो, शंकरगढ़ और राजपुर जनगणना चार्ज के अनुविभागीय जनगणना अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और जनगणना लिपिकों को प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, 14 और 15 अक्टूबर को डौरा-कोचली, बलरामपुर, रामचंद्रपुर, रामानुजगंज, चलगली, वाड्रफनगर और रघुनाथनगर चार्ज के अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना से जुड़े मानकों, दिशा-निर्देशों, अवधारणाओं और आंकड़ों के संकलन में शुद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नीति निर्माण और विकास योजनाओं के लिए जनगणना के आंकड़े महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए निर्धारित समय-सारणी का पालन करने के साथ त्रुटिरहित डेटा संग्रह सुनिश्चित करना आवश्यक है।

प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये अधिकारी मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले अधिकारियों और प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे। इससे जनगणना की प्रक्रिया में एकरूपता बनाए रखने और आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी शिवम दास और मोहित तिवारी द्वारा दिया जा रहा है। इस दौरान अपर कलेक्टर अभिषेक कुमार गुप्ता, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी संतोष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय