बरदर धान खरीद केंद्र का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, अतिरिक्त भंडारण के लिए वैकल्पिक जगह चिह्नित करने के निर्देश
बलरामपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होने के बाद कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी खरीद केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। इसी क्रम में आज गुरुवार को उन्होंने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बरदर के धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के पंजीयन, बारदानों की उपलब्धता, धान की तौल और केंद्र में की गई अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने केंद्र की निर्धारित भंडारण क्षमता के बारे में भी पूछा। उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि खरीद के दौरान आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धान रखने के लिए वैकल्पिक स्थान पहले से चिह्नित कर लिया जाए, ताकि भंडारण को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने केंद्र में किसानों के बैठने, पेयजल और छांव की पर्याप्त व्यवस्था रखने के साथ धान की गुणवत्ता जांच और इलेक्ट्रॉनिक तौल की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीद शासन की प्राथमिकता का कार्य है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित होनी चाहिए और केवल वास्तविक पंजीकृत किसानों से उनके पंजीकृत रकबे के अनुसार ही धान की खरीद की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

