home page

बजरंग दल ने शिवलिंग पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले का किया पुतला दहन, साैंपा ज्ञापन

 | 
बजरंग दल ने शिवलिंग पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले का किया पुतला दहन, साैंपा ज्ञापन


कोंडागांव , 11 अगस्त (हि.स.)। कोंडागांव जिले के केशकाल बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आज मंगलवार काे अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय केशकाल पहुंचे और अरुण पन्नालाल एवं हंसराज गोयल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। केशकाल बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने पवित्र शिवलिंग को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले अरुण पन्नालाल एवं हंसराज गोयल का पुतला दहन भी किया ।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शिवलिंग जैसे धार्मिक आस्था से जुड़े पवित्र प्रतीक को लेकर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी की गई, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक नीरज अग्निहोत्री ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषय बेहद संवेदनशील होते हैं। ऐसे मामलों में सार्वजनिक टिप्पणी करते समय मर्यादा और जिम्मेदारी का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से बजरंग दल ने प्रशासन से कथित टिप्पणी की जांच कराने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य विवाद को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द उचित कदम उठाने का आग्रह किया। अब इस शिकायत पर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे