बस्तर में बाढ़ से 571 गांव प्रभावित, सरकार दे विशेष राहत पैकेज: दीपक बैज
प्रभारी सुखदेव भगत के दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार
रायपुर, 29 सितंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बस्तर संभाग में बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने दावा किया कि, संभाग के 571 गांव बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं और 22 हजार से अधिक लोग इसकी चपेट में आए हैं। उनके मुताबिक, बाढ़ के कारण आठ लोगों की मौत हुई है।
बैज ने कहा कि, प्रभावित परिवारों के घर, घरेलू सामान, राशन सामग्री, कॉपी-किताब और जरूरी दस्तावेज बर्बाद हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिस मुस्तैदी से राहत और बचाव कार्य होना चाहिए था, वह नजर नहीं आया।
मुख्यमंत्री के बस्तर और सुकमा दौरे को लेकर भी बैज ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे से बस्तरवासियों को ठोस घोषणाओं की उम्मीद थी, लेकिन प्रभावित परिवारों के लिए 10 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा तक ही बात सीमित रही। बैज ने इसे पर्याप्त नहीं बताते हुए सरकार से बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग की।
उन्होंने कहा कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल-पुलिया और सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए भी सरकार को विशेष पैकेज देना चाहिए। बैज के अनुसार, पिछले वर्ष बारिश में क्षतिग्रस्त हुए कई पुल-पुलिया और सड़कें अब तक दुरुस्त नहीं हो सकी हैं।
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सुखदेव भगत के दो दिवसीय दौरे को लेकर बैज ने कहा कि, उनके प्रवास से पार्टी के संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान प्रभारी भगत ने विभिन्न सांगठनिक बैठकों में हिस्सा लिया, पत्रकार वार्ता को संबोधित किया और आंदोलन में भी शामिल हुए। उन्होंने पीसीसी के कार्यों की समीक्षा करने के साथ आगामी महीनों की कार्ययोजना पर भी चर्चा की।
बैज ने कहा कि, प्रभारी के मार्गदर्शन के बाद कांग्रेस संगठन के लक्ष्य को हासिल करने का इरादा और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करते हुए आगामी समय में प्रदेश और देश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि, बढ़ी हुई बिजली दरों, स्मार्ट मीटर के विरोध और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस प्रदेशभर में बिजली उपभोक्ताओं से फार्म भरवा रही है।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक अध्यक्षों की ट्रेनिंग और अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों को देखते हुए फार्म भरवाने की अवधि एक महीने बढ़ाकर पूरे अक्टूबर तक कर दी गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता अक्टूबर महीने तक बिजली उपभोक्ताओं से फार्म भरवाएंगे।
बैज ने बताया कि, इसके बाद इन फार्मों को स्थानीय बिजली कार्यालयों में जमा कर उनकी पावती ली जाएगी। पावती एकत्र होने के बाद कांग्रेस राजधानी में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

