बद्रीनारायण मीणा ने बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक का पदभार किया ग्रहण
जगदलपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, जगदलपुर के कार्यालय मेंआज बुधवार काे बद्रीनारायण मीणा ने औपचारिक रूप से बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने सुन्दरराज पट्टलिंगम का स्थान लिया, जो भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) में पुलिस महानिरीक्षक के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। इस दाैरान बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित बस्तर रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सुन्दरराज पट्टलिंगम ने श्री मीणा का स्वागत करते हुए उन्हें बस्तर में सफल, सुरक्षित एवं अविस्मरणीय कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बस्तर पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी नए पुलिस महानिरीक्षक को भी वही समर्पण, सहयोग एवं टीम भावना प्रदान करेंगे, जिसका अनुभव उन्हें अपने पूरे कार्यकाल के दौरान निरंतर प्राप्त हुआ। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बद्रीनारायण मीणा के नेतृत्व में यह साझा अभियान और अधिक गति प्राप्त करेगा तथा बस्तर को स्थायी शांति, समावेशी विकास एवं समृद्धि के साझा लक्ष्य के और अधिक निकट ले जाएगा। बद्रीनारायण मीणा ने पिछले वर्षों की उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए सभी हितधारकों के साथ निकट समन्वय में कार्य करने तथा बस्तर में शांति, सुरक्षा, विकास एवं जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सुन्दरराज पट्टलिंगम ने शासन, पुलिस मुख्यालय, बस्तर की जनता, बस्तर पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सभी सुरक्षा बलों, नागरिक प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मीडिया जगत तथा सभी हितधारकों के प्रति इस संपूर्ण यात्रा के दौरान उनके अटूट विश्वास, सहयोग एवं समर्थन के लिए हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की प्रत्येक उपलब्धि सभी संबंधित पक्षों के सामूहिक साहस, समर्पण एवं समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने वामपंथी उग्रवाद के विरुद्ध संघर्ष के दौरान अपने सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के साथ-साथ बस्तर के स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया कर्मियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

