कोरबा में सेवा सेतु का असर: ऑनलाइन आवेदन से समय पर मिला बी-1 और खसरा
कोरबा, 13 जुलाई (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु योजना आम नागरिकों के लिए राहत का माध्यम बनती जा रही है। इस पहल के जरिए नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। विशेष रूप से राजस्व विभाग से जुड़े दस्तावेज अब तय समय-सीमा के भीतर मिलने लगे हैं, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
कोरबा जिले के ग्राम आवरा कछार निवासी संतोष कुमार भी सेवा सेतु योजना से लाभान्वित हुए हैं। उन्हें अपने राजस्व संबंधी कार्य के लिए बी-1 और खसरा दस्तावेज की आवश्यकता थी। पहले इन दस्तावेजों को प्राप्त करने के लिए तहसील कार्यालय के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी।
संतोष कुमार ने बताया कि इस बार उन्होंने सेवा सेतु के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के बाद उनका प्रकरण तेजी से निराकृत किया गया और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उन्हें बी-1 और खसरा की प्रतियां उपलब्ध करा दी गईं। पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक रही, जिससे उन्हें किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु ने शासकीय सेवाओं तक आम लोगों की पहुंच को पहले की तुलना में काफी आसान बना दिया है। अब राजस्व संबंधी आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे लोगों का समय और आर्थिक संसाधनों की बचत हो रही है। उनके अनुसार यह व्यवस्था शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का काम कर रही है।
संतोष कुमार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनहितैषी सोच और सुशासन आधारित पहल के कारण आम नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित और सम्मानजनक सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु वास्तव में शासन और जनता के बीच विश्वास, सुविधा और सुगमता का सशक्त माध्यम बन चुका है, जिससे उनके जैसे हजारों नागरिक समय पर आवश्यक शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
सेवा सेतु के माध्यम से प्रदेश सरकार का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाकर नागरिकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। इसका लाभ विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मिल रहा है, जिन्हें अब छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

