home page

अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप से छात्राओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, हर साल 30 हजार की आर्थिक मदद

 | 
अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप से छात्राओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, हर साल 30 हजार की आर्थिक मदद


धमतरी, 22 अगस्त (हि.स.)। धमतरी आर्थिक परिस्थितियां अब बेटियों की उच्च शिक्षा के रास्ते में बाधा न बनें, इसी उद्देश्य से अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन ने अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के तहत पात्र छात्राओं को स्नातक शिक्षा पूरी करने तक प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

छात्राएं इस राशि का उपयोग ट्यूशन फीस सहित शिक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए कर सकेंगी। चयनित छात्राओं को उनकी स्नातक शिक्षा की अवधि के अनुसार 2 से 5 वर्षों तक सहायता मिलेगी, यानी पूरी अवधि में अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति प्राप्त हो सकती है। योजना की खासियत यह है कि चयन मेरिट, जाति, आय या धर्म के आधार पर नहीं किया जाता। सरल पात्रता मानदंड और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के जरिए अधिक से अधिक छात्राओं को इसका लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। 17 अगस्त को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने भी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पात्र छात्राओं की पहचान कर विशेष अभियान चलाने, आवेदन में मार्गदर्शन देने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे कि आर्थिक कठिनाई के कारण किसी छात्रा की पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र छात्रा छात्रवृत्ति जैसे महत्वपूर्ण अवसर से वंचित नहीं रहनी चाहिए।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए वे छात्राएं आवेदन कर सकती हैं, जिन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पात्र राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के सरकारी स्कूल या कॉलेज से नियमित छात्रा के रूप में पूरी की हो और 2026-27 में भारत के किसी सरकारी संस्थान अथवा मान्यता प्राप्त निजी कॉलेज या विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया हो। छत्तीसगढ़ सहित 19 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों की छात्राएं योजना के दायरे में हैं। आवेदन का पहला चरण 10 से 31 अगस्त 2026 तक तथा दूसरा चरण 10 से 31 जनवरी 2027 तक रहेगा। आवेदन अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। आवेदन के लिए फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, 10वीं एवं 12वीं की अंकतालिका और प्रवेश का प्रमाण जैसे आवश्यक दस्तावेज तैयार रखना होगा। आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है। फाउंडेशन फोन या संदेश के जरिए बैंक खाते की जानकारी अथवा OTP नहीं मांगता और छात्रवृत्ति के लिए किसी तरह का साक्षात्कार भी नहीं लिया जाता। छात्राओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर उच्च शिक्षा के इस अवसर का लाभ उठाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा