home page

आयुर्वेद शिविर में 780 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

 | 
आयुर्वेद शिविर में 780 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ


बलरामपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व आयुर्वेद दिवस पर बुधवार को जिला मुख्यालय के बस स्टैंड में विकासखंडस्तरीय आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति, स्वस्थ जीवनशैली और औषधीय पौधों के महत्व की जानकारी दी गई।

शिविर में चिकित्सकों ने नीम, तुलसी और गिलोय जैसी औषधीय वनस्पतियों के गुणों के बारे में बताया। साथ ही नियमित योग और प्राणायाम को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

शिविर में पहुंचे लोगों के रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच की गई। जांच के बाद आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक औषधियों का निशुल्क वितरण किया गया। शिविर का लाभ कुल 780 लोगों ने उठाया।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों को आयुर्वेद विभाग की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में जिला आयुष अधिकारी डॉ. अरविंद शर्मा, डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. हसन इकबाल, डॉ. बीरबल सिंह, डॉ. अन्नपूर्णा सहित विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय