आवास प्लस 2.0 की सूची जारी, 8688 परिवार अपात्र
2412 परिवारों के प्राथमिकता क्रम में बदलाव, एक अक्टूबर तक दावा-आपत्ति का मौका
सूरजपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2.0 में सर्वेक्षण और ग्राम सभा के सत्यापन के बाद अपात्र पाए गए परिवारों तथा प्राथमिकता क्रम में किए गए बदलाव की सूची जारी कर दी गई है। जिले के छह जनपद पंचायतों में कुल 8688 परिवार अपात्र पाए गए हैं, जबकि पांच जनपद पंचायतों में 2412 परिवारों के प्राथमिकता क्रम में बदलाव किया गया है। संबंधित सूची जिला प्रशासन की वेबसाइट और पंचायतों के सूचना पटल पर उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासन के अनुसार आवास प्लस 2.0 के तहत छूटे हुए पात्र परिवारों का सर्वेक्षण पूरा होने के बाद प्रगणक और चेकर द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया। इसके बाद भारत सरकार से प्राप्त सूची का ग्राम सभाओं में वाचन, सत्यापन और अनुमोदन कराया गया। ग्राम सभाओं से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर अपात्र परिवारों और प्राथमिकता क्रम में बदलाव की जानकारी आवास पोर्टल पर दर्ज की गई।
जनपद पंचायतवार जारी विवरण के अनुसार भैयाथान में 2750, ओड़गी में 1181, प्रतापपुर में 2448, प्रेमनगर में 206, रामानुजनगर में 661 और सूरजपुर जनपद पंचायत में 1442 परिवार अपात्र पाए गए हैं। इस तरह कुल 8688 परिवार सूची में शामिल हैं।
इसी तरह पांच जनपद पंचायतों में कुल 2412 परिवारों के प्राथमिकता क्रम में बदलाव किया गया है। इनमें भैयाथान के 515, प्रतापपुर के 75, रामानुजनगर के 682, सूरजपुर के 14 और प्रेमनगर के 1126 परिवार शामिल हैं।
जिलास्तर पर गठित अपीलीय समिति के निर्णय और योजना की मार्गदर्शिका के अनुसार अपात्र परिवारों के नाम हटाने तथा प्राथमिकता क्रम में संशोधन से पहले दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है। संबंधित हितग्राहीवार सूची जिले की आधिकारिक वेबसाइट surajpur.nic.in के साथ जिला पंचायत और संबंधित जनपद पंचायतों के सूचना पटल पर भी उपलब्ध है।
सूची में शामिल हितग्राही या परिवार यदि किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराना चाहते हैं तो 17 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक कार्यालयीन समय में शाम 5:30 बजे तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन मुख्य जिला पंचायत के सीईओ अथवा संबंधित जनपद पंचायत के सीईओ के समक्ष जमा किया जा सकता है। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
किसी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए जिला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर 9244049285 जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

