home page

लोहंडीगुड़ा में माहवारी स्वच्छता व स्वास्थ्य पर जागरूकता सत्र आयोजित

 | 
लोहंडीगुड़ा में माहवारी स्वच्छता व स्वास्थ्य पर जागरूकता सत्र आयोजित


जगदलपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। कस्तूरबा गांधी बालिका आश्रम और हाईस्कूल में पीडीआईए फेलो द्वारा शुक्रवार काे माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य प्रबंधन पर विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की लगभग 90 छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

सत्र के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म चक्र, व्यक्तिगत स्वच्छता, सेनेटरी पैड के सही इस्तेमाल और उपयोग के बाद उनके सुरक्षित निपटान (डिस्पोजल) के वैज्ञानिक तरीकों से अवगत कराया गया। इसके साथ ही दैनिक जीवन में स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।

विषय को रुचिकर और सहज बनाने के लिए फेलो द्वारा एक रोचक कार्ड गेम का आयोजन किया गया, जिसने छात्राओं की झिझक दूर करने में अहम भूमिका निभाई। माहौल को खुला और सहज बनाने के लिए शिक्षिकाओं को अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। शिक्षिकाओं की पहल के बाद छात्राओं में आत्म विश्वास जगा और उन्होंने भी खुलकर अपनी बातें सामने रखीं तथा माहवारी से जुड़े अपने संशय और सवाल पूछे।

कार्यक्रम के दौरान देखा गया कि कक्षा 06 वीं और 07 वीं की छात्राएं कक्षा 09 वीं और 10 वीं की छात्राओं की तुलना में अधिक मुखर रहीं और उन्होंने बढ़-चढ़कर प्रश्न पूछे। इस सत्र के माध्यम से छात्राओं को न केवल बुनियादी स्वास्थ्य जानकारी मिली, बल्कि सामाजिक झिझक को तोड़ते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा भी मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे