home page

जांजगीर-चांपा : ‘मेरी बेटी, मेरा गौरव’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को बताए कानूनी अधिकार और सुरक्षा के उपाय

 | 
जांजगीर-चांपा : ‘मेरी बेटी, मेरा गौरव’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को बताए कानूनी अधिकार और सुरक्षा के उपाय


जांजगीर-चांपा, 13 नवंबर (हि. स.)। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चोरिया में शुक्रवार को ‘मेरी बेटी, मेरा गौरव’ थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में छात्राओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और महिला सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी अनुपमा सिंह कंवर ने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, महिलाओं के कानूनी अधिकारों और घरेलू हिंसा की स्थिति में मिलने वाली सहायता के बारे में विस्तार से बताया। वहीं सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक एच. निशा खान ने करियर काउंसलिंग के माध्यम से छात्राओं को भविष्य निर्माण और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।

उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के साथ महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 181, 1098, 112, 108, 102, 1076, 1091 और 1073 के उपयोग के बारे में भी बताया। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैरा लीगल वॉलंटियर मंजू देवांगन ने सुरक्षित बचपन अभियान, साइबर अपराध और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए छात्राओं को अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की। परियोजना अधिकारी ऋचा तिवारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किशोरी बालिकाओं को पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी केंद्र चोरिया-03 की कार्यकर्ता पूर्णिमा साहू, सहायिका सुक्रिता सूर्यवंशी और आंगनबाड़ी केंद्र परसापाली की कार्यकर्ता प्रतिभा साहू को सम्मानित किया गया। वहीं छात्राओं के बीच रंगोली प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अमृत लाल साहू, परियोजना अधिकारी ऋचा तिवारी, संरक्षण अधिकारी अनुपमा सिंह कंवर, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक एच. निशा खान, मंजू देवांगन, डालेश्वर पटेल, साइको-सोशल काउंसलर सरस्वती सोनी, अंजली बंदे, उर्मिला भारती, दुर्गेश नंदनी यादव, रामकुमारी पटेल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT