home page

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग के लिए 110 पंजीकृत खिलाड़ियों में से 77 खिलाड़ियों की नीलामी हुई पूरी

 | 
अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग के लिए 110 पंजीकृत खिलाड़ियों में से 77 खिलाड़ियों की नीलामी हुई पूरी


नारायणपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र को खेल गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में नारायणपुर पुलिस की पहल के तहत आयोजित होने वाली अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (एबीएल) सीजन-3 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कुल 110 पंजीकृत खिलाड़ियों में से 77 खिलाड़ियों का चयन करते हुए उन्हें कुल 6 फ्रेंचाइजी टीमों में शामिल किया गया है।

लीग के मुख्य मुकाबले 10 से 12 सितंबर तक नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें स्थानीय खिलाड़ियों के साथ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीयस्तर पर खेल चुके खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। नारायणपुर जैसे आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्र में महिला खिलाड़ियों की खेल गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाना भी इस आयोजन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। दुर्गम और लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे अबूझमाड़ क्षेत्र में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर सकती है।

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 के प्रथम चरण के तहत नारायणपुर के डीआरजी ट्रेनिंग एरेना में खिलाड़ियों की ऑक्शन प्रक्रिया आयोजित की गई. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर भी मौजूद रहे। ऑक्शन के दौरान छह फ्रेंचाइजी टीमों ने खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए बोली लगाई। खिलाड़ियों की उपलब्धियों, अनुभव और खेल प्रदर्शन के आधार पर टीमों का गठन किया गया। अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग के तीसरे सीजन में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों के नाम पर टीमों का गठन किया गया है।

ऑक्शन के बाद सभी छह टीमों का प्रारंभिक स्वरूप तैयार हो गया है और अब फ्रेंचाइजी मालिकों की नजरें मुख्य मुकाबलों पर टिकी हैं। एबीएल सीजन-3 के लिए कुल 110 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था. ऑक्शन के बाद इनमें से 77 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ियों में स्थानीय और राज्य स्तर के खिलाड़ियों के अलावा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके खिलाड़ी भी शामिल हैं। कुछ खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक भी हासिल किए हैं। अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 की एक प्रमुख विशेषता मिश्रित युगल मुकाबले होंगे. इसमें पुरुष और महिला खिलाड़ी एक टीम के रूप में कोर्ट पर उतरेंगे. आयोजकों के अनुसार मिश्रित युगल वर्ग के माध्यम से महिला खिलाड़ियों को भी बड़े खेल मंच से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की युवा महिला खिलाड़ियों को बैडमिंटन के प्रति प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे