चाकू, राड व डंडे से हमला, आरोपितों को अर्ध मुंडन कर पुलिस ने घुमाया
धमतरी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पुरानी रंजिश को लेकर जबरिया घर में घुसकर चाकू, राड, डंडा और ईंट से परिवार के सदस्यों पर हमला करने वाले नाबालिग समेत पांच आरोपितों को पुलिस ने आज बुधवार काे गिरफ्तार किया है। इस तरह के अपराध को अंजाम देने वाले चार आरोपितों को सबक सीखाने पुलिस ने आरोपितों को अर्ध मुंडन कर घुमाया। पुलिस की इस सख्ती से शहर के अन्य गुंडा, बदमाश और असामाजिक तत्वों की चिंता बढ़ गई।
सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चार अक्टूबर की रात करीब 10 बजे शहर के दानीटोला निवासी गुलशन साहू अपने भाई डोमेंद्र साहू एवं माता-पिता के साथ घर पर थे, तभी आरोपित रितेश ध्रुव एवं राम साहू जबरिया घर का दरवाजा लात से मारकर गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिससे गुलशन साहू के पिता धनीराम को चोटें आईं। इस घटना के कुछ समय बाद आरोपित अपने अन्य साथियों के साथ पुनः चाकू, लोहे की राड, लकड़ी के डंडे एवं ईंट लेकर पहुंच गए और हमला करने लगे। इससे गुलशन और उसके भाई को चोटें आईं है।
घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर पुलिस थाना में घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपितों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है। गिरफ्तार चार आरोपितों के सिर से आधा बाल काटकर अर्द्ध मुंडन कर शहर में घुमाया है, ताकि अन्य गुंडा-बदमाश भविष्य में इस तरह की घटना को अंजाम देने से बचे। गिरफ्तार आरोपितों में रितेश कुमार ध्रुव 19 वर्ष निवासी भक्तिन गुढ़ी बैगापारा दानीटोला धमतरी, आलेख रामटेके 18 वर्ष निवासी महारापारा दानीटोला धमतरी, राम साहू 19 वर्ष निवासी बरपारा दानीटोला धमतरी और चन्द्रेश्वर उर्फ गोलू धुरी 26 वर्ष निवासी दानीटोला स्कूल पारा, वार्ड क्रमांक 19, धमतरी शामिल है। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को भी प्रकरण में अभिरक्षा में लिया गया है। इस प्रकरण में एक अन्य फरार आरोपित की पुलिस को तलाश है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

