home page

34 साल की समर्पित पुलिस सेवा के बाद एएसआई केशव साहू सेवानिवृत्त, जांजगीर-चांपा पुलिस ने दी भावभीनी विदाई

 | 
34 साल की समर्पित पुलिस सेवा के बाद एएसआई केशव साहू सेवानिवृत्त, जांजगीर-चांपा पुलिस ने दी भावभीनी विदाई


जांजगीर-चांपा, 30 जून (हि. स.)। पुलिस विभाग में लंबे समय तक अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले एसडीओपी कार्यालय चांपा में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) केशव साहू के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जांजगीर के सभा कक्ष में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।

विदाई समारोह में सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने एएसआई केशव साहू को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि केशव साहू ने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, जो विभाग के लिए प्रेरणादायक रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने एएसआई केशव साहू के सेवाकाल से जुड़े अनुभवों को साझा किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा आयोजित यह विदाई समारोह विभाग में वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के सम्मान की परंपरा का हिस्सा रहा, जहां सेवानिवृत्त अधिकारी के योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT