‘आशीर्वाद का दीया’ को लेकर जिले में उत्साह
घर-घर दीप जलाकर सेवा, संकल्प और जनभागीदारी का दिया जाएगा संदेश
सूरजपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर जिले में उत्साह है। अभियान के तहत आज गुरुवार की शाम घर-घर दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, संकल्प और जनभागीदारी की भावना का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने की तैयारी की गई है।
इसके लिए जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों और ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और आम नागरिकों को दीप उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नागरिक अपने घरों में दीप जलाकर सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता दर्ज करेंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से दीपों की रोशनी के साथ सामाजिक एकजुटता, सेवा भावना और सकारात्मक संकल्प का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सेवा संकल्प से जुड़ेगा हर घर
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी बढ़ाना और समाज के विभिन्न वर्गों को इससे जोड़ना है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को सेवा और सकारात्मक सामाजिक संकल्प की भावना के साथ आगे आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में भी तैयारियां जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

