home page

बलरामपुर को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने का लक्ष्य, उपमुख्यमंत्री साव ने अधिकारियों को दिए समयबद्धता के निर्देश

 | 
बलरामपुर को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने का लक्ष्य, उपमुख्यमंत्री साव ने अधिकारियों को दिए समयबद्धता के निर्देश


बलरामपुर को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने का लक्ष्य, उपमुख्यमंत्री साव ने अधिकारियों को दिए समयबद्धता के निर्देश


बलरामपुर को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने का लक्ष्य, उपमुख्यमंत्री साव ने अधिकारियों को दिए समयबद्धता के निर्देश


बलरामपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)।उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को रामानुजगंज के बटालियन कैंप में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज की मौजूदगी में हुई बैठक में उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि बलरामपुर को प्रदेश का अंतिम छोर मानकर नहीं, बल्कि विकास की दृष्टि से अग्रणी जिले के रूप में आगे बढ़ाना है। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करें। आम लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करना और पात्र हितग्राहियों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान जिले की सड़कों की स्थिति और निर्माणाधीन कार्यों की बिंदुवार जानकारी ली गई। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क सीधे तौर पर आमजन की सुविधा से जुड़ी है, इसलिए इसकी गुणवत्ता और रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जिले में वर्तमान में 339.98 किलोमीटर लंबाई की 25 सड़कें, 19 भवन और 114 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 22 पुल-पुलिया निर्माणाधीन हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के उन्नयन कार्य में पैकेज-1 का 30 प्रतिशत और पैकेज-3 का 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

पीएचई विभाग की समीक्षा में उपमुख्यमंत्री ने पंचायतों को हस्तांतरित नल-जल योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन गांवों और घरों तक पेयजल पहुंच चुका है, वहां ग्रामीणों को भी योजना के बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने सभी सरपंचों की कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि बेहतर तरीके से योजना संचालित करने वाली पंचायतों के अनुभव दूसरी पंचायतों के लिए उपयोगी बन सकें।

जिले में अब तक एक लाख 47 हजार से अधिक घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाए जा चुके हैं, जिससे करीब चार लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं। स्वीकृत 2,124 नल-जल योजनाओं में से 1,059 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 81 गांवों को हर घर जल प्रमाणित किया जा चुका है।

नगरीय निकायों की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत लंबित आवासों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई और शेष कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने सड़क और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ मौके पर भौतिक सत्यापन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़कें ऐसी बननी चाहिए जो लंबे समय तक टिकाऊ रहें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर बीटी पैच और मरम्मत के कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरगुजा अंचल के विकास में बलरामपुर जिले की महत्वपूर्ण भूमिका है और समन्वित प्रयासों से जिले को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे ले जाया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय