home page

अरपा सायक्लोथॉन बिलासपुर 2026 का भव्य आयोजन पांच अप्रैल को

 | 
अरपा सायक्लोथॉन बिलासपुर 2026 का भव्य आयोजन पांच अप्रैल को


बिलासपुर 02 अप्रैल (हि.स.)। फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए ईंधन बचत के लिए साइक्लिंग संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “अरपा सायक्लोथॉन बिलासपुर 2026” का आयोजन आगामी 5 अप्रैल को किया जाएगा। सुबह 5.30 मिनट पर शुरू होने वाली 25 किलोमीटर लंबी इस सायक्लोथॉन रेस का शुभारंभ मुंगेली नाका ग्राउंड, बिलासपुर से होगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आज गुरुवार काे नागरिकों से आयोजन में भागीदारी की अपील की है।

प्रतियोगिता में पुरुष (गियर एवं बिना गियर सायकल) तथा महिला वर्ग की अलग-अलग रेस आयोजित की जाएंगी। विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 10 हजार रुपये ,7 हजार एवं 5 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी, वहीं महिला वर्ग में 5,000, 3,000 एवं 2,000 रूपये के पुरस्कार निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त शीर्ष 10 पुरुष एवं शीर्ष 6 महिला प्रतिभागियों को विशेष नकद सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आयोजन को वर्तमान समय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया, सायकल से न केवल ईंधन की बचत होती है बल्कि यह स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए भी एक महत्वपूर्ण साधन है दोनों अधिकारियों ने आयोजकों को शुभकामनाएं दी और नागरिकों से आयोजन में भागीदारी की अपील की।

आयोजन में सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट एवं फिनिशर सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। साथ ही, बिलासपुर के बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए रात्रि विश्राम एवं भोजन की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इस आयोजन में शहर के अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा सहयोग किया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए पंजीयन ऑनलाइन क्यूआर कोड के माध्यम से किया जा सकता है। पंजीयन शुल्क पुरुष वर्ग के लिए 299 तथा महिला वर्ग के लिए 149 निर्धारित किया गया है। इस आयोजन के प्रमुख आयोजक संतोष गुप्ता, प्रदीप साहू और छत्तीसगढ़ सोशल मीडिया सोसाइटी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल