home page

जनदर्शन में किसान किताब, दिव्यांग प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और डिजिटल विवाह प्रमाण पत्र सहित कई समस्याओं पर सुनवाई

 | 
जनदर्शन में किसान किताब, दिव्यांग प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और डिजिटल विवाह प्रमाण पत्र सहित कई समस्याओं पर सुनवाई


जांजगीर-चांपा, 14 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन के दौरान कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, खाद्य, सामाजिक न्याय, नागरिक सुविधाओं और प्रमाण पत्रों से जुड़े विभिन्न मामलों पर लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।

जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। तहसील शिवरीनारायण के ग्राम तुलसी निवासी बिसराम साहू ने किसान किताब से संबंधित समस्या के निराकरण के लिए आवेदन दिया। वहीं, तहसील नवागढ़ के ग्राम जगमहंत निवासी प्रमोद कुमार ने दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।

इसी तरह तहसील बलौदा के ग्राम खैजा निवासी रोहित कुमार ने डिजिटल विवाह प्रमाण पत्र जारी कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। विकासखंड कोटमीसोनार की निवासी श्रीमती सुक्रिता कुर्रे ने राशन कार्ड में मुखिया का नाम परिवर्तन कराने की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है, ताकि लोगों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का समय पर लाभ मिल सके।

जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। प्रत्येक सप्ताह बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर जनदर्शन में पहुंच रहे हैं, जहां संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT