2028 में खुलेगा आप का खाता, सरकार हर मोर्चे पर विफल : सूरज उपाध्याय
धमतरी , 15 जून (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार समेत विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा। मुख्य प्रवक्ता एवं प्रदेश महासचिव सूरज उपाध्याय ने आरोप लगाते हुए कहा कि साय सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। 2028 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी मजबूत विकल्प के रूप में उभरकर अपना खाता खोलेगी।
उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्रों में पांच संभाग प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इनके माध्यम से सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर लगातार बैठकें ली जा रही हैं। इसी कड़ी में सोमवार को धमतरी विधानसभा में छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक मुकेश अहलावत ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठन विस्तार और आगामी रणनीति पर चर्चा की।
सूरज उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरप्लस बिजली उत्पादन वाला राज्य होने के बावजूद प्रदेश की जनता को स्मार्ट मीटर के नाम पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल पर लगभग साढ़े 14 लाख रुपये और आईएएस क्लब पर करीब 36 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आम उपभोक्ताओं पर सख्ती करने वाली सरकार इन मामलों में कार्रवाई कब करेगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल स्थिति में है। स्कूल तो खोल दिए गए हैं, लेकिन न पर्याप्त शिक्षक हैं और न ही जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं।
उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में 35 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है। वहीं प्रदेश के 10 मेडिकल कालेजों में 642 पद रिक्त हैं और सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डाक्टरों की भारी कमी बनी हुई है, जिससे आम लोगों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि महंगाई नियंत्रण, शिक्षा और विदेश नीति अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी हैं। साथ ही उन्होंने झीरम कांड की सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग दोहराई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

