home page

धमतरी में धूमधाम से मना अन्नकूट पर्व, 103 साल पुरानी परंपरा के तहत वितरित हुई खिचड़ी प्रसादी

 | 
धमतरी में धूमधाम से मना अन्नकूट पर्व, 103 साल पुरानी परंपरा के तहत वितरित हुई खिचड़ी प्रसादी


धमतरी, 11 नवंबर (हि.स.)। शहर में गोवर्धन पूजा के अवसर पर अन्नकूट पर्व पूरी श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और आरती के बाद श्रद्धालुओं को खिचड़ी प्रसादी का वितरण किया गया।

मंदिरों में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। मठमंदिर चौक स्थित जगदीश मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती कर विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके पश्चात मंदिर में 103 वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार विशेष खिचड़ी प्रसादी का वितरण किया गया। प्रसादी ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। भक्तों में प्रसादी प्राप्त करने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष किरण भाई गांधी, संयोजक गोपाल शर्मा, समाजसेवी प्रीतेश गांधी, मोहन अग्रवाल, डॉ. हीरा महावर, हर्षद मेहता, श्याम अग्रवाल, बालकृष्ण शर्मा, दिलीप राजसोनी, लक्खूभाई भानूशाली और मदनमोहन खंडेलवाल सहित अन्य उपस्थित रहे। इसी तरह हनुमान मंदिर, इतवारी बाजार मंदिर, मठमंदिर सहित शहर के अन्य देवालयों में भी विशेष पूजन के बाद खिचड़ी प्रसादी वितरित की गई। शाम को शहरी क्षेत्र में यादव समाज की ओर से गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे दिन शहर में पर्व की रौनक बनी रही और श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करते रहे। पंडित राजकुमार तिवारी ने बताया कि अन्नकूट का अर्थ अनाज का भंडार होता है।

पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाया था और इंद्र के अहंकार को चूर किया था। इसी प्रसंग की स्मृति में गोवर्धन पर्वत की पूजा और भगवान को अन्नकूट का भोग अर्पित करने की परंपरा शुरू हुई। यह पर्व प्रकृति, अन्न और गौवंश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही सुख-समृद्धि और लोककल्याण का संदेश देता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा