home page

22 सौ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं तीन दिवसीय हड़ताल पर

 | 
22 सौ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं तीन दिवसीय हड़ताल पर


22 सौ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं तीन दिवसीय हड़ताल पर


धमतरी, 17 नवंबर (हि.स.)। नियमितीकरण, पदोन्नति और मानदेय में वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर जिले की करीब 2200 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं तीन दिवसीय हड़ताल पर उतर आई हैं।

छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका कल्याण संघ के बैनरतले 17 से 19 नवंबर तक आयोजित हड़ताल के पहले दिन मंगलवार को गांधी मैदान में बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पीली साड़ी पहनकर प्रदर्शन में पहुंचीं कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई। हड़ताल के चलते जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित होने वाली पोषण आहार वितरण, टीकाकरण, पोषण शिक्षा, टेक होम राशन (टीएचआर) सहित अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका है। इसके साथ ही मतदाता पुनरीक्षण और बीएलओ से संबंधित कार्यों पर भी असर पड़ेगा।

संगठन ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। हड़ताल के पहले दिन संघ की प्रांताध्यक्ष पद्मावती साहू और सचिव विभा श्रीवास्तव भी गांधी मैदान पहुंचीं। उन्होंने आंदोलनरत कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर संगठन पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन और अन्य माध्यमों से सरकार का ध्यान आकर्षित करा चुका है, लेकिन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। फिलहाल तीन दिवसीय हड़ताल के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद भी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो 11 और 12 दिसंबर को द्वितीय चरण में प्रांत स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता भी अपनाया जाएगा।

संगठन की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का नियमितीकरण कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा देना शामिल है। नियमितीकरण होने तक कार्यकर्ताओं को 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की मांग की गई है। इसके अलावा आयु सीमा में छूट देकर 200 से अधिक रिक्त पर्यवेक्षक पदों पर परीक्षा के बजाय 50 प्रतिशत पदोन्नति के माध्यम से कार्यकर्ताओं की नियुक्ति करने तथा सहायिकाओं को शत-प्रतिशत पदोन्नति देकर कार्यकर्ता बनाने की मांग उठाई गई है। सेवा समाप्ति के बाद कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि देने, 5जी मोबाइल उपलब्ध कराने, मुनगा एप के माध्यम से कार्य नहीं लेने तथा महतारी वंदन योजना के तहत प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की मांग भी शामिल है। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष रेवती वत्सल, उपाध्यक्ष केकती साहू, प्रीति साहू, रश्मि शर्मा, संतोषी साहू, अन्नपूर्णा मानिकपुरी, डॉली देवांगन, वेदिका देवांगन, कुरूद ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वरी साहू, धमतरी ब्लॉक अध्यक्ष मीना विश्वकर्मा और मगरलोड ब्लॉक अध्यक्ष सरस्वती मरकाम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शामिल रहीं।

चुनावी वादे पूरे करे भाजपा सरकार: लेखराम साहू

लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहीं जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पूर्व विधायक लेखराम साहू ने समर्थन दिया है। छत्तीसगढ़ जुझारू कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के आह्वान पर आयोजित धरना प्रदर्शन में पहुंचे पूर्व विधायक लेखराम साहू ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा सरकार ने अपने घोषणा पत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहनों के नियमितीकरण सहित कई वादे किए थे। जब सरकार ने वादा किया है तो उसे पूरा भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महिला एवं बाल विकास की योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सड़क की लड़ाई लड़ेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा