आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता अभियान, स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों की दी जानकारी
जांजगीर-चांपा, 17 सितंबर (हि. स.)। राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता को लेकर विभिन्न ज्ञानवर्धक और सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य परिवारों में संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
अभियान के दौरान आज गुरुवार काे स्थानीयस्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों और पारंपरिक व्यंजनों की डिजिटल रेसिपी तैयार कर साझा की गई। परिवार के पुरुष सदस्यों ने सत्तू, मूंग दाल, चीला, खिचड़ी और चना-मूंग चाट जैसी सरल, सुपाच्य एवं पौष्टिक रेसिपी बनाकर प्रदर्शित की। इसके माध्यम से परिवार के पोषण में पुरुषों की सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इसके अलावा ‘मेरी थाली, मेरी कहानी’ गतिविधि के तहत समुदाय के लोगों से 5-6 खाद्य समूहों को शामिल करते हुए संतुलित थाली तैयार कराई गई। प्रतिभागियों ने अपनी थाली में शामिल खाद्य पदार्थों और उनके पोषण संबंधी महत्व के बारे में जानकारी साझा की। अभिभावकों को बच्चों और परिवार के बेहतर पोषण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश एवं जागरूकता वीडियो भी दिखाए गए। अभियान के माध्यम से स्थानीय पौष्टिक भोजन, संतुलित आहार और स्वस्थ खान-पान की आदतों को अपनाने के लिए समुदाय को जागरूक किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

