बस्तर के 133 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ का हुआ आयोजन
जगदलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को जिले की सभी 09 बाल विकास परियोजनाओं के तहत आने वाले 133 आंगनबाड़ी केंद्रों में इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर महतारी वंदन योजना की राशि का सदुपयोग अपने व बच्चों के बेहतर पोषण पर करने वाली सजग माताओं को विशेष रूप से 'पोषण शक्ति सम्मान' देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की व्यापक जांच के साथ आवश्यक टीकाकरण भी संपन्न किया गया। साथ ही जनसमुदाय को संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पोषण थाली और पौष्टिक व्यंजनों को तैयार करने की विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन हुआ।
महिलाओं की रचनात्मकता और बच्चों के स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने के लिए मेहंदी, रंगोली और 'स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता' जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं, वहीं सामुदायिक न्योता भोज के माध्यम से आपसी सहभागिता को बढ़ावा दिया गया। इस पूरे आयोजन में 151 अतिथियों, 153 वक्ताओं, 2,032 महिलाओं, 1,916 बच्चों और 1,276 पुरुषों की सक्रिय उपस्थिति रही, जिसमें से सहभागिता और जागरूकता के लिए कुल 276 लोगों को सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

