home page

दुकान में घुसा आठ फीट लंबा अजगर, सर्प मित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

 | 
दुकान में घुसा आठ फीट लंबा अजगर, सर्प मित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू


दुकान में घुसा आठ फीट लंबा अजगर, सर्प मित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू


धमतरी, 31 अगस्त (हि.स.)। रुद्री रोड पर जनपद पंचायत के पास उस समय रविवार देर रात अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान के भीतर करीब आठ फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। विशालकाय अजगर को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग सुरक्षित स्थान की ओर हट गए और तत्काल इसकी सूचना रुद्री निवासी सर्प मित्र सूर्यकांत साहू को दी गई। सूचना मिलते ही सूर्यकांत साहू मौके पर पहुंचे और काफी सावधानी व सूझबूझ के साथ अजगर का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।

अजगर को सुरक्षित तरीके से दुकान से बाहर निकालने के बाद उसे जंगल में प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने की तैयारी की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अजगर को देखने के लिए मौके पर जुट गए। सर्प मित्र सूर्यकांत साहू ने बताया कि अजगर जैसे वन्यजीव भी पर्यावरण के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे जीवों को नुकसान पहुंचाने के बजाय उनकी सुरक्षा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सांपों को देखते ही डरकर उन्हें मारने की प्रवृत्ति ठीक नहीं है। आमतौर पर सांप इंसानों से बचने की कोशिश करते हैं और बिना वजह हमला नहीं करते। जब उन्हें खतरा महसूस होता है या उन्हें छेड़ा जाता है, तभी उनके आक्रामक होने की आशंका बढ़ती है। उन्होंने कहा कि सांपों को लेकर लोगों के बीच कई तरह की भ्रांतियां और डर बने हुए हैं। इसी भय और गलतफहमी के चलते कई बार लोग सांपों को मार देते हैं, जिससे जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन को नुकसान पहुंचता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि घर, दुकान, खेत या आसपास किसी भी तरह का सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे पकड़ने या मारने का प्रयास भी न करें। तत्काल प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके। सूर्यकांत साहू लंबे समय से सांपों के रेस्क्यू के साथ-साथ लोगों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। इसी वजह से उन्हें क्षेत्र में पर्यावरण मित्र के रूप में भी जाना जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा