home page

जांजगीर-चांपा में सतनाम मंदिर का 1945 में स्थापित प्राचीन कलश चोरी, आरोपित गिरफ्तार, जंगल से बरामद

 | 
जांजगीर-चांपा में सतनाम मंदिर का 1945 में स्थापित प्राचीन कलश चोरी, आरोपित गिरफ्तार, जंगल से बरामद


जांजगीर-चांपा, 10 नवंबर (हि. स.)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी स्थित ऐतिहासिक सतनाम मंदिर से प्राचीन गुंबज कलश चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में गांव के ही 28 वर्षीय युवक शुभम शर्मा को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया प्राचीन कलश कटनई प्रहरी जंगल से बरामद किया गया। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर भारत का पांचवां सतनाम तीर्थ स्थल है और सतनाम समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर में स्थापित गुंबज कलश लगभग वर्ष 1945 का बताया गया है, जिसका समाज के लिए विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। 17 और 18 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने मंदिर से इस प्राचीन कलश को चोरी कर लिया था। घटना के बाद सतनाम समाज में आक्रोश व्याप्त था।

मामले में अकलतरा थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। गांव में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस ने स्थानीय सूत्रों के माध्यम से लगातार पतासाजी की। इसी दौरान संदेह के आधार पर ग्राम पचरी निवासी शुभम शर्मा (28 वर्ष), पिता हरिशंकर शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपित ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने का आदी है और घटना की रात उसके पास शराब पीने के लिए पैसे नहीं थे। पैसों की व्यवस्था करने के लिए उसने तालाब के पास स्थित मंदिरों के कलश चोरी करने की योजना बनाई थी। शिव मंदिर का कलश अधिक ऊंचाई पर होने के कारण उसने पास में स्थित गुरु घासीदास बाबा जी के मंदिर के गुंबज कलश को निकाल लिया। रात अधिक होने के कारण वह उसे बेच नहीं सका और न ही घर ले जा पाया। इसके बाद उसने कलश को कटनई प्रहरी जंगल में छिपा दिया था।

आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जंगल से चोरी गया प्राचीन कलश बरामद कर जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए 10 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलेन्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, प्रधान आरक्षक नितिन चंदवंशी, आरक्षक अंजनी कश्यप, बाल्मिकी राठौर और साइबर टीम का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT