home page

अम्बिकापुर रोजगार मेले में युवाओं का सैलाब, 14 कंपनियों ने खोलीं नौकरियां, पहले ही दिन 503 को मिला रोजगार

 | 
अम्बिकापुर रोजगार मेले में युवाओं का सैलाब, 14 कंपनियों ने खोलीं नौकरियां, पहले ही दिन 503 को मिला रोजगार


अम्बिकापुर रोजगार मेले में युवाओं का सैलाब, 14 कंपनियों ने खोलीं नौकरियां, पहले ही दिन 503 को मिला रोजगार


अम्बिकापुर रोजगार मेले में युवाओं का सैलाब, 14 कंपनियों ने खोलीं नौकरियां, पहले ही दिन 503 को मिला रोजगार


अम्बिकापुर रोजगार मेले में युवाओं का सैलाब, 14 कंपनियों ने खोलीं नौकरियां, पहले ही दिन 503 को मिला रोजगार


अम्बिकापुर, 27 जून (हि.स.)। सरगुजा संभाग के युवाओं के लिए शनिवार का दिन सुनहरे अवसरों की सौगात लेकर आया। जिला प्रशासन सरगुजा और रोजगार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में संभागस्तरीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया।

इस मेले को लेकर स्थानीय युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया, जहां संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे करीब 2000 शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं ने निजी क्षेत्र में करियर बनाने के लिए अपनी दावेदारी पेश की। मेले की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश-प्रदेश की 14 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने कुल 2370 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अपनी चयन प्रक्रिया शुरू की, जिसमें से शुरुआती दौर में ही 503 युवाओं का अंतिम चयन कर उन्हें रोजगार का तोहफा दे दिया गया। शेष बचे पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया भी कंपनियों द्वारा तेजी से संचालित की जा रही है, जिसे आगामी एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

इस गरिमामय रोजगार उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज और वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने भी युवाओं के बीच पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें अपने भीतर के कौशल को लगातार निखारने तथा ऐसे अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। रोजगार अधिकारी ललित कुमार पटेल ने अपने स्वागत भाषण में मेले की विस्तृत रूपरेखा और इसके पीछे के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए बताया कि संभाग के युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर मंच देना ही इस वृहद आयोजन का मुख्य लक्ष्य है।

युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर और सुरक्षित अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह के संभागस्तरीय मेले शिक्षित युवाओं और निजी उद्योगों के बीच एक मजबूत सेतु का काम कर रहे हैं, जिससे न केवल युवाओं को भटकना नहीं पड़ता, बल्कि निजी क्षेत्र को भी उनकी जरूरत के मुताबिक हुनरमंद वर्कफोर्स मिल रही है। वहीं, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने युवाओं में नई ऊर्जा फूंकते हुए कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और सही कौशल के दम पर आज का युवा आत्मनिर्भर बन सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सरकार की रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

समारोह के समापन पर लाइवलीहुड कॉलेज अम्बिकापुर के प्राचार्य गिरीश गुप्ता ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, नियोजक कंपनियों और संभागभर से आए प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से पूरा कराने में प्रशासनिक अमले ने भी अहम भूमिका निभाई, जिसमें अपर कलेक्टर सुनील नायक, उप संचालक रोजगार एस.पी. त्रिपाठी सहित सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर जिलों के रोजगार अधिकारी क्रमश: चारु चित्रा साय, दिवाकर टांडिया व दुर्गेश्वरी सिंह सक्रिय रहे। इनके साथ ही शासकीय पॉलिटेक्निक के प्राचार्य आर.जे. पांडेय, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक एम. सिद्दीकी, सहायक परियोजना अधिकारी अकरम खान और लाइवलीहुड कॉलेज के कर्मचारियों की टीम ने मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह