भक्ति के रंग में रंगा अम्बिकापुर, महाप्रभु जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब
अम्बिकापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। सरगुजा जिला मुख्यालय अम्बिकापुर में स्थानीय तिवारी बिल्डिंग स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर मार्ग से आज भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। 15 दिनों के लंबे एकांतवास और नवयौवन दर्शन के बाद, जब महाप्रभु अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकले, तो उनके दर्शन पाने के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा।
यह भव्य रथयात्रा जोड़ा पीपल, आकाशवाणी चौक, गांधी चौक, घड़ी चौक, देवीगंज रोड, संगम चौक, ब्रह्म रोड, राममंदिर रोड, जय स्तंभ चौक और महामाया चौक से होते हुए वापस संगम चौक पहुंची, जहां दुर्गा बाड़ी में इसका गरिमामय समापन हुआ।
इस पावन अवसर पर पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत मंच तैयार किए गए थे, जहां श्रद्धालुओं ने महाप्रभु की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद लिया। आयोजन को और अधिक दिव्य बनाने के लिए समिति द्वारा ओडिशा से विशेष रूप से आमंत्रित पंडित शंभूनाथ पंडा ने महाआरती और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई, जिसने इस उत्सव के धार्मिक महत्व को दोगुना कर दिया। चारों ओर गूंजते भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों की थाप और मनमोहक झांकियों ने पूरे वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी यात्रा निर्बाध और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

