home page

अंबिकापुर : माँ महामाया एयरपोर्ट से 30 मार्च से शुरू होगी दिल्ली और कोलकाता की सीधी उड़ान, मुख्यमंत्री साय करेंगे वर्चुअल शुभारंभ

 | 
अंबिकापुर : माँ महामाया एयरपोर्ट से 30 मार्च से शुरू होगी दिल्ली और कोलकाता की सीधी उड़ान, मुख्यमंत्री साय करेंगे वर्चुअल शुभारंभ


अंबिकापुर, 29 मार्च (हि.स.)। सरगुजा संभाग के लिए 30 मार्च का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है, जब क्षेत्र को विकास की नई रफ्तार देने वाली बड़ी सौगात मिलेगी। दरिमा स्थित माँ महामाया एयरपोर्ट से देश के दो प्रमुख महानगरों दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। यह पहल लंबे समय से क्षेत्र की मांग रही हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए विकास के नए द्वार खोलेगी।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से उड़ानों का शुभारंभ करेंगे। माना जा रहा है कि इस सेवा के शुरू होने से न केवल उत्तर छत्तीसगढ़ की पहुंच देश के बड़े शहरों तक आसान होगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा।

विमान सेवा के शुभारंभ को लेकर स्थानीय स्तर पर भी उत्साह का माहौल है। 30 मार्च को सुबह 10 बजे पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम, अम्बिकापुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां जनप्रतिनिधि और आम नागरिक इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे। जिला प्रशासन ने सभी को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

माँ महामाया एयरपोर्ट से शुरू होने वाली यह सीधी उड़ान सेवा सरगुजा के लिए सिर्फ एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक बदलाव की नई उड़ान मानी जा रही है, जो आने वाले समय में विकास की दिशा को पूरी तरह बदल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह