home page

अंबिकापुर : डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती पर सरगुजा जिले में चौथी प्रतिमा स्थापित

 | 
अंबिकापुर : डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती पर सरगुजा जिले में चौथी प्रतिमा स्थापित


अंबिकापुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय संविधान के शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती के पावन अवसर पर सरगुजा जिले के ग्राम करम्हा में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-1 के अंतर्गत आने वाले इस ग्राम में बाबा साहेब की भव्य प्रतिमा का गरिमामय अनावरण किया गया, जो जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया की विशेष पहल और उनके विभागीय मद से संभव हो सका है।

उल्लेखनीय है कि यह सरगुजा जिले में स्थापित बाबासाहेब की चौथी प्रतिमा है, जो अब क्षेत्र में सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों के जीवंत प्रतीक के रूप में पहचानी जाएगी। इस गौरवशाली कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया और लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज की विशिष्ट उपस्थिति रही, जिन्होंने प्रतिमा का अनावरण कर बाबासाहेब के महान आदर्शों को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि बाबा साहेब ने दलितों, शोषितों और वंचितों को उनका अधिकार दिलाने के लिए संविधान रूपी वह अस्त्र दिया, जिसने इतिहास की धारा बदल दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज जिला पंचायत क्षेत्र में हो रहे बुनियादी विकास कार्य चाहे वह सड़कों का जाल हो या बिजली-पानी की सुचारू व्यवस्था वास्तव में बाबासाहेब के 'अंत्योदय' के सपने को ही पूरा कर रहे हैं।

इसी कड़ी में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने हिंदू कोड बिल और आरक्षण जैसी क्रांतिकारी व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बाबासाहेब के विचारों का ही प्रतिफल है कि आज महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे विकास की इस रफ्तार को और मजबूत बनाने का संकल्प लें।

प्रतिमा स्थापना की मुख्य सूत्रधार जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया ने इस अवसर पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि इस प्रतिमा का उद्देश्य केवल एक संरचना खड़ा करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक बाबासाहेब की उपलब्धियों और उनके न्यायपूर्ण विचारों को पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामीण जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव ही संविधान के रक्षक के रूप में हमारी असली पहचान बनेगा।

इस भव्य समारोह में जिला पंचायत सदस्य राधा रवि, जनपद सदस्य अनामिका पैंकरा, विजय व्यापारी, मुनेश्वरी पैंकरा, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष महेंद्र रवि सहित परसा मंडल के अध्यक्ष संतोष जायसवाल, युवा मोर्चा महामंत्री अविनाश मंडल और भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में बाबासाहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह