home page

अंबिकापुर : डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के तहत समरसता भोज और कार्यशाला का भव्य आयोजन

 | 
अंबिकापुर : डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के तहत समरसता भोज और कार्यशाला का भव्य आयोजन


अंबिकापुर : डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के तहत समरसता भोज और कार्यशाला का भव्य आयोजन


अंबिकापुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर के भाजपा मंडल समलाया द्वारा बुधवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के अंतर्गत एक भव्य समरसता भोज और कार्यशाला संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इस आयोजन की मुख्य विशेषता सामूहिक भोज रही, जहाँ अतिथियों ने समाज के सभी वर्गों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया, जो सामाजिक एकजुटता और समरसता का जीवंत उदाहरण बना।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने डॉ. अंबेडकर के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार दिए हैं और भाजपा 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संकल्प के साथ समाज को संगठित करने का कार्य कर रही है। इसी क्रम में एससी समाज के प्रमुख अजय इंगोले ने कहा कि यह अभियान बाबा साहेब के मानवतावादी विचारों को ग्रामीण अंचलों तक पहुँचाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने आह्वान किया कि राष्ट्र सेवा के लिए हमें जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठना होगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम अध्यक्ष हरमिंदर सिंह टिन्नी ने अंबिकापुर नगर निगम द्वारा डॉ. अंबेडकर के सिद्धांतों के अनुरूप किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और इस अभियान को सामाजिक सद्भाव के लिए आवश्यक बताया। वहीं, भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने एकात्म मानववाद और समानता के सिद्धांतों के मेल को समाज के लिए एक नई दिशा करार दिया। कार्यक्रम में अम्बिकेश केशरी, अवधेश सोनकर और नकुल सोनकर ने भी अपने विचार व्यक्त किए और युवाओं को बाबा साहेब के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

समारोह के समापन पर उपस्थित अतिथियों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन मंडल महामंत्री अजय सोनी ने किया और पार्षद किरण सिंह तोमर ने उपस्थित सभी जनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह, अरुणा सिंह, संतोष दास, रूपेश दुबे, संतोष सोनकर, अशोक सोनवानी, अर्जुन मुंडा, दीपक सिंह तोमर, रविकांत ओराँव, अनिल तिवारी, अभिषेक सिंह देव, सर्वेश तिवारी, जतिन परमार, सत्यम साहू, शैलेंद्र शर्मा, समीर, किंजल पांडेय, सीमा कश्यप, शालिनी सिंह, इंदु गुप्ता और नेहा सोनवानी सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह