आमागुड़ा क्षेत्र को जगदलपुर के प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने किया जाएगा 2600 पौधों का रोपण
जगदलपुर, 31 अगस्त (हि.स.)।जगदलपुर शहर के प्रवेश द्वार आमागुड़ा से गोरिया बहार तक राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र को आकर्षक, स्वच्छ और हरित स्वरूप देने की कवायद के तहत सोमवार को महापौर संजय पांडे ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अभियंता श्रीमती प्रज्ञा, वन विभाग के उमाकांत, यातायात प्रभारी जय राम चेरमोको एवं अधिकारियों के साथ एनएच-30 का निरीक्षण किया। आमागुड़ा क्षेत्र को जगदलपुर के आकर्षक प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने की योजना के तहत आगामी 10 सितंबर को करीब 2600 पौधों का रोपण किया जाएगा।
प्रस्तावित पौधारोपण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं वन मंत्री केदार कश्यप की उपस्थिति प्रस्तावित है।
महापौर संजय पांडे ने कहा आमागुड़ा जगदलपुर का प्रवेश द्वार है। बाहर से आने वाला व्यक्ति सबसे पहले इसी क्षेत्र से होकर शहर में प्रवेश करता है, इसलिए हमारी कोशिश है कि यहां पहुंचते ही उसे जगदलपुर की स्वच्छता, हरियाली और सुंदरता का एहसास हो। यह क्षेत्र केवल सड़क नहीं, बल्कि शहर की पहली पहचान है। 10 सितंबर को लगभग 2600 कनेर, बोगनविला और टैकोमा के पौधे लगाए जाएंगे। हमारा उद्देश्य पौधे लगाकर भूल जाना नहीं, बल्कि इन्हें विकसित कर सड़क के दोनों ओर एक सुंदर और व्यवस्थित हरित कॉरिडोर तैयार करना है। इससे आने वाले समय में आमागुड़ा से गोरिया बहार तक का पूरा मार्ग जगदलपुर की खूबसूरती को एक नई पहचान देगा।
आज निरीक्षण के दौरान सड़क के दोनों ओर पाथवे पर पसरी गंदगी और उगे जंगली पेड़-पौधों को नगर निगम तथा नेशनल हाईवे विभाग की जेसीबी की सहायता से हटवाया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क और पाथवे पर जगह-जगह जमा पानी की समस्या भी सामने आई। महापौर ने पानी निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने के साथ ही भविष्य में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान खेम सिंह देवांगन, निर्मल पाणिग्राही, लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह राणा, विधु शेखर झा, वन विभाग के उमाकांत, एनएच के अधिकारी श्रीमती प्रज्ञानंद, यातायात प्रभारी जय राम चेरमोको सहित विभागीय कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

