home page

मगरलोड में बाउंड्री वाल निर्माण में अनियमितता का आरोप, कार्रवाई की मांग

 | 
मगरलोड में बाउंड्री वाल निर्माण में अनियमितता का आरोप, कार्रवाई की मांग


धमतरी, 25 मार्च (हि.स.)।धमतरी जिले के नगर पंचायत मगरलोड में गोठान स्थित पानी टंकी परिसर के अहाता (बाउंड्री वाल) निर्माण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि निर्धारित लेआउट के विपरीत निर्माण कार्य कर सरकारी जमीन का हिस्सा जान-बूझकर छोड़ा जा रहा है, जिससे नगर में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, संबंधित स्थल पर लगभग 330 फीट बाउंड्री वॉल निर्माण का लेआउट तैयार किया गया था और उसी के अनुसार प्रारंभिक चरण में कॉलम गड्ढों की खुदाई भी कर ली गई थी। लेकिन अब अचानक निर्माण का दायरा कम कर दूसरे स्थान पर कालम गड्ढे खोदने की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर यह सवाल उठ रहा है कि आखिर किसके इशारे पर सरकारी जमीन को छोड़ा जा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष यादराम गायकवाड़ व पार्षद चेतन बिंझेकर सहित स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना किसी विवाद या आपत्ति के बावजूद बाउंड्री वाल को कम क्षेत्र में सीमित किया जा रहा है। यहां तक कि परिसर में पहले से मौजूद निर्माण को भी नजरअंदाज कर किसी अन्य को लाभ पहुंचाने की आशंका जताई जा रही है। इस मामले को लेकर नगर के जनप्रतिनिधियों और पार्षदों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए स्पष्ट कहा है कि बाउंड्री वाल निर्माण पूरी शासकीय जमीन पर ही होना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से पारदर्शिता बरतने और तय लेआउट के अनुसार ही कार्य कराने की मांग की है। इस संबंध में नगर पंचायत के इंजीनियर संजय पैकरा ने कहा कि उन्हें इस संबंध में शिकायत नहीं मिली है, हो सकता है संबंधितों ने नगर पंचायत में शिकायत की हो।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा