home page

दर्रामुड़ा में भूमि पर फर्जी रजिस्ट्री और अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मांग

 | 
दर्रामुड़ा में भूमि पर फर्जी रजिस्ट्री और अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मांग


रायगढ़, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के पुसौर तहसील अंतर्गत ग्राम दर्रामुड़ा के चार ग्रामीणों ने उनकी भूमि पर कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध कब्जा और रजिस्ट्री कराए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।

आवेदिका जुली, कमला, नीलाम्बर एवं सहोद्रा, सभी निवासी ग्राम दर्रामुड़ा, तहसील पुसौर, जिला रायगढ़ ने साेमवार काे जनदर्शन के माध्यम से शिकायत प्रस्तुत कर बताया है कि उनकी हक, आधिपत्य एवं स्वामित्व की भूमि पर अनावेदक द्वारा कथित रूप से फर्जी तरीके से कब्जा कर अपने नाम पर रजिस्ट्री करा ली गई है।

शिकायत के अनुसार मामला पटवारी हल्का नंबर 7 अंतर्गत स्थित खसरा नंबर 335/1 एवं 344/1 से संबंधित है, जिनका रकबा क्रमशः 0.085 हेक्टेयर एवं 0.081 हेक्टेयर बताया गया है।

आवेदकों ने आरोप लगाया है कि रितेश अग्रवाल द्वारा कथित रूप से फर्जी एवं कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि की रजिस्ट्री कराई गई है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा भूमि पर कब्जा हटाकर उन्हें पुनः कब्जा दिलाने की मांग की गई है।

आवेदकों ने प्रशासन से प्रकरण की राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों से जांच कराकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान