भारी बारिश के चलते छत्तीसगढ़ में आज सभी स्कूल बंद
रायपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज शनिवार 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शासकीय, अशासकीय तथा अनुदान प्राप्त सभी विद्यालय बंद रहेंगे।
राज्य में कई स्थानों पर जलभराव, नदियों और नालों के बढ़ते जलस्तर तथा आवागमन में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री साय ने शुक्रवार की देर रात संबंधित अधिकारियों को आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर पर ही रखें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतें। प्रशासन ने नागरिकों से भी आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

