home page

भाजपा संगठन और सरकार के बीच कुछ भी ठीक नहीं : दीपक बैज

 | 
भाजपा संगठन और सरकार के बीच कुछ भी ठीक नहीं : दीपक बैज


रायपुर, 19 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री निवास पर गुरुवार की रात हुई मंत्रियों की हुई मैराथन बैठक काे लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि बैठक में मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के बीच कामकाज को लेकर जबरदस्त घमासान मचा था। असल में भाजपा संगठन और सरकार के बीच कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। सरकार पूरी तरीके से फेल हो चुकी है। अब इंतजार है कि मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों का इस्तीफा कब होगा।

दीपक बैज ने कहा कि गुरुवार रात मंत्रियों को मुख्यमंत्री निवास पहुँचने के निर्देश दिए गए थे। रात 8 बजे से लेकर रात 2 बजे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के कामकाज को फेल्योर बताया। लेकिन मंत्रियों ने भी बैठक में मुख्यमंत्री के भी कामकाज की समीक्षा किए जाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में जबरदस्त घमासान हुआ।

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार बताए कि शराब की ओवर रेटिंग का पैसा किसके-किसके पास जा रहा है। शराब की हर बोतल से अतिरिक्त पैसा वसूली हो रही है। आखिर यह पैसा किसके पास जा रहा है। क्या इस मामले में ईडी, सीबीआई जांच करेगी?

कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर को लेकर मुख्यमंत्री साय के बयान पर दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि पहले मुख्यमंत्री साय अपने मंत्रिमंडल को संभाल लें। अपने सीएम पर पूरे मंत्रिमंडल को ही भरोसा नहीं है। सभी मंत्री और मुख्यमंत्री को ट्रेनिंग लेना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल