home page

विद्युत संयंत्र में सभी कर्मचारी प्रशिक्षित बनें, अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने में हम कामयाब होंगे : एमके गुप्ता

 | 
विद्युत संयंत्र में सभी कर्मचारी प्रशिक्षित बनें, अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने में हम कामयाब होंगे : एमके गुप्ता


विद्युत संयंत्र में सभी कर्मचारी प्रशिक्षित बनें, अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने में हम कामयाब होंगे : एमके गुप्ता


हसदेव ताप विद्युत संयंत्र में मनाया गया 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह

कोरबा 20 अप्रैल (हि. स.)। अग्नि दुर्घटना से बचाव के लिए अग्निशमन दल ने विद्युत संयंत्र के विभिन्न विभागों में निरंतर प्रशिक्षण देकर उन्हें जागरूक किया, यह तारीफ के काबिल है। हर कर्मचारी जागरूक और प्रशिक्षित बनें तब हम अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने में कामयाब होंगे। यह बातें आज साेमवार काे अग्निशमन सेवा सप्ताह के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता ने कही।

हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम में 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया गया। कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि परियोजना प्रबंधक एसके. पंड्या ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता केएनबी. राव एवं मुख्य रसायनज्ञ एके. कुरनाल की गौरवमयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में अग्निशमन अधिकारी जीपी पनरिया ने पूरे सप्ताहभर आयोजित हुए कार्यक्रम का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सप्ताहभर में विद्युत संयंत्र के विभिन्न विभागों में कार्यरत 375 अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिकों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों का प्रदर्शन, प्रशिक्षण एवं उन्हें प्रचालन के विधि की सिखाई गई।

अग्निशमन सेवा सप्ताह के पहले दिन अग्निशमन भवन परिसर में परियोजना प्रबंधक एसके पंड्या द्वारा अग्निशमन ध्वज फहराया गया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिकों को अग्नि सुरक्षा की शपथ दिलाई। इसके बाद 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया डॉक विस्फोट में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। अग्निशमन दल द्वारा प्राथमिक अग्निशमन यंत्रों का प्रदर्शन, अग्नि दुर्घटना की मॉकड्रिल और बहुमंजिला इमारत पर अग्नि दुर्घटना से आहत व्यक्तियों के बचाव का डेमो प्रस्तुत किया गया। इस वर्ष अग्निशमन सप्ताह की थीम- ‘‘सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज-आग की रोकथाम के लिए एक साथ’’ है।

अग्निशमन सेवा सप्ताह के कार्यक्रम मुख्य अभियंता के मार्गदर्शन में अधीक्षण अभियंता मनोज जायसवाल के समन्वय द्वारा अग्निशमन विभाग द्वारा कराए गए। पुरस्कार वितरण समारोह में भी अग्नि सुरक्षा संबंधी जागरूकता प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम कराया गया, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नारा प्रतियोगिता में काजल महानंद, प्रदीप कुमार तिग्गा एवं रविंद्र साहू ने पुरस्कार जीते। साथ ही अग्निशमन दल के निरंतर समर्पण के लिए उन्हें अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन अधीक्षण अभियंता मनोज जायसवाल, कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ पर्यवेक्षक रविंद्र साहू एवं आभार प्रदर्शन कार्यपालन अभियंता बीके गावड़े द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी