प्रशासन ने की कोंटा के शबरी नदी में जलस्तर बढ़ने व तेज बहाव की सूचना जारी
जगदलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। बस्तर में एक के बाद एक चक्रवाती तूफानों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सितंबर में भीषण बाढ़ अक्टूबर में अर्नब और नवंबर में मुरासु के बाद अब अकवान तूफान ने एक बार फिर बस्तर में खतरे की घंटी बजा दी है। इस बार चिंता की वजह ओड़िशा के कोलाब डैम से पानी छोड़ा जाना है। जिला प्रशासन सुकमा ने जनहित में शबरी नदी में जलस्तर बढ़ने एवं नदी में तेज बहाव होने की सूचना जारी की है।
अकवान तूफान के प्रभाव से भारी बारिश की आशंका के बीच ओड़िशा ने कोरापुट जिले में स्थित अपर कोलाब जलाशय का पांचवां गेट एक मीटर खोला गया। इससे निकलने वाला पानी शबरी नदी में पहुंच रहा है। सुकमा जिले में काेंटा के नदी तटीय और निचले इलाकों में आगामी दिनों में संभावित बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनहित में शबरी नदी में जलस्तर बढ़ने एवं नदी में तेज बहाव होने की सूचना जारी की है। कोलाब जलाशय का जलस्तर 856.12 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि इसकी पूर्ण क्षमता 858 मीटर है। मौसम विभाग के अनुसार अकवान तूफान 20 नवंबर को उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओड़िशा के तटवर्ती क्षेत्रों के बीच पहुंच सकता है।
जिला प्रशासन सुकमा द्वारा जनहित में जारी अत्यंत महत्वपूर्ण सूचना में सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि ओडिशा स्थित अपर कोलाब बांध के गेट खोले जाने के कारण शबरी नदी में जलस्तर बढ़ने एवं नदी में तेज बहाव होने की संभावना है। अतः आम नागरिकों, ग्रामीणों, मछुआरों एवं नदी के आसपास रहने वाले सभी लोगों से अपील की गई है कि शबरी नदी के किनारे एवं नदी के आसपास जाने से बचें। नदी में नहाने, मछली पकड़ने एवं अन्य गतिविधियां पूर्णतः बंद रखें। नदी पार करने का प्रयास न करें। अपने पशुओं को भी नदी के किनारे न जाने दें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अन्य लोगों को भी सतर्क करें।
विदित हाे कि शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने पर सुकमा जिले का कोंटा क्षेत्र सबसे संवेदनशील हो सकता है। नदी के आसपास बसे निचले इलाकों के अलावा कोंटा नगर के वार्ड क्रमांक 6, 12, 13, 14 और 15 में पहले भी जलभराव की स्थिति सामने आ चुकी है। शबरीनगर, श्रीनगर और लाइनपारा जैसे इलाके भी पिछली बाढ़ के दौरान प्रभावित हुए थे। शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में कोंटा और आसपास के नदी तटीय गांवों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में प्रशासन के सामने चुनौती है । बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' के कारण छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार बन रहे हैं, मौसम विज्ञान विभाग ने 20 और 21 नवंबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

